छत्तीसगढ़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, पांच युवक युवतियां पकड़ाये

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र के खूंटी पारा इलाके में पुलिस ने एक किराए के मकान पर संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं और दो पुरुषों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया है।
ऐसे हुआ रैकेट का खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि खूंटी पारा क्षेत्र के एक किराए के मकान में देह व्यापार संचालित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी आकाश श्रीमाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। एक पुलिसकर्मी को प्वाइंटर (गुप्त ग्राहक) बनाकर भेजा गया।
प्वाइंटर ने महिला दलाल से संपर्क किया और 1500 रुपए में सौदा तय होने के बाद बताए गए स्थान पर पहुंचा। मौके पर महिला से बातचीत होने के बाद प्वाइंटर ने तुरंत बाहर खड़ी पुलिस टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद महिलाएं और ग्राहक भागने लगे। लेकिन टीम में शामिल महिला कांस्टेबलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सेक्स वर्कर्स को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- वीण एपी प्रकाश एस, उम्र 29 वर्ष, निवासी त्रिशूल थाना बड़का चेरी जिला त्रिशूल (केरल), वर्तमान में NMDC कैंटीन नगरनार में कार्यरत।
- विपिन एम. जी., पिता जी. वर्गीस, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अलातूर थाना वटकुजरी जिला पालकट (केरल), वर्तमान में NMDC कैंटीन नगरनार में कार्यरत।
गिरफ्तार की गई महिलाएं 24, 26 और 27 वर्ष की हैं, जिनमें से कुछ ओडिशा और कुछ जगदलपुर क्षेत्र की निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4500 रुपए नगद और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि महिला दलाल के बुलावे पर वे यहां आई थीं।









